X
मुजफ्फरनगर- केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गांधीनगर स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता को आवश्यक बताते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रहे सुरेश राणा उपस्थित हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सुनील दर्शन ने किया तथा कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष श्वेता कौशिक और जिला उपाध्यक्ष सचिन पावटी रहें। मुख्य अतिथि सुरेश राणा ने अपने संबोधन में कहा कि मुजफ्फरनगर की धरती संघर्ष और जनआंदोलनों की भूमि रही है, जहां से कई बड़े आंदोलनों की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि देश ने बीते 12 वर्षों में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पांच सदियों के लंबे संघर्ष के बाद भगवान रामलला का भव्य मंदिर राष्ट्र की आस्था का प्रतीक बनकर खड़ा हुआ है।
उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में जितने मकान फ्रांस में हैं, उससे अधिक संख्या में भारत में गरीबों के लिए आवासों का निर्माण कराया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा में बेटियों की भागीदारी 54 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो महिलाओं के बढ़ते सशक्तिकरण का प्रमाण है। सम्मेलन में मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, सुरेश तितौरिया एवं प्रमोद उटवाल, संजय गर्ग, श्रीमती श्वेता कौशिक, ममता अग्रवाल, अंजली चौधरी, बबीता गुप्ता, गीता जैन, जगदीश पांचाल, विपुल भटनागर, संजय अग्रवाल, सुनील तायल, अमित पटपटिया, मनोज वर्मा, सचिन सैनी, विशाल गर्ग, विजय प्रजापति आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













