X
मुजफ्फरनगर- जनपद में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर व उपकरण चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नई मंडी पुलिस और बदमाशों के बीच एनएच-58 पर बागोवाली के पास हुई मुठभेड़ के बाद 3 शातिर बदमाशों को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरोह के 3 अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान, कारें और अवैध असलहे बरामद हुए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जिले में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। मुखबिर ने सूचना दी कि बागोवाली के पास आयशर वर्कशॉप के पीछे एनएच-58 पर अंतरजनपदीय गिरोह के बदमाश चोरी का सामान बेचने की फिराक में इकट्ठे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जिस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में 3 बदमाश घायल, कांबिंग में 3 अन्य दबोचे
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें 3 बदमाश चांद उर्फ समर (पुत्र मो. उमर), दानिश (पुत्र काशिफ) और कय्यूम (पुत्र नईम) पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कांबिंग चलाकर गिरोह के 3 अन्य सदस्यों चेतन चौधरी (पुत्र उपेन्द्र चौधरी), अली उर्फ इकबाल (पुत्र कमाल अहमद) और मोनिश खां (पुत्र मतलूब) को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए शातिर अपराधियों के कब्जे से 05 अवैध तमंचे (315 बोर) मय जिंदा व खोखा कारतूस, 02 बंडल बिजली के तार, 125 किलोग्राम एल्युमिनियम के पार्ट्स व 01 स्कॉर्पियो कार और 01 वैगनआर कार बरामद की हैं। क्षेत्राधिकारी (CO) नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पकड़ा गया गिरोह बेहद शातिर और अंतरजनपदीय है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














