X बंद करें
   

जीएसटी सुधारों से व्यापारियों एवं उद्यमियों को मिलेगी राहत, कारोबार को सुगमता और अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती- कपिल देव

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुज़फ्फरनगर- मेरठ रोड स्थित विकास भवन सभागार में जीएसटी सुधारों के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार के निर्णयों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रेस वार्ता में लघु उद्योग भारती, आईआईए, फेडरेशन सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जीएसटी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और व्यापारियों के अनुकूल बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

व्यापारियों के हित में सरकार का निरंतर प्रयास- कपिल देव

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों का उद्देश्य कर प्रणाली को सरल बनाना, अनावश्यक प्रक्रियागत जटिलताओं को कम करना, छोटे कारोबारियों को राहत देना तथा ईमानदारी से व्यवसाय करने वाले करदाताओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। इन सुधारों से व्यापारियों का समय और संसाधन बचाने, अनुपालन संबंधी कठिनाइयों को कम करने तथा कारोबार के विस्तार को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्यम देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। व्यापार सुगम होगा तो निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय उद्योगों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। सरकार का संकल्प है कि व्यापारी वर्ग को सहयोगपूर्ण वातावरण मिले और वह पूरी ऊर्जा के साथ व्यापार, उत्पादन एवं रोजगार सृजन में योगदान दे सके।

व्यापारिक संगठनों ने किया सरकार के प्रयासों का स्वागत

प्रेस वार्ता में उपस्थित व्यापारियों एवं उद्यमियों ने जीएसटी सुधारों को व्यापार जगत के लिए सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि कर व्यवस्था में सरलता, डिजिटल सुविधाओं का विस्तार और प्रक्रियागत राहत से कारोबार करना अधिक सुविधाजनक होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि राजेश जैन, भीमसेन कंसल, संजय मित्तल, अंकित सिंघल, पूर्व विधायक अशोक कंसल आदि उपस्थित रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News