X
मुजफ्फरनगर- जनपद में आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘बाढ़ स्टेयरिंग ग्रुप’ की विस्तृत समीक्षा बैठक के दौरान जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शून्य जन-धन हानि सुनिश्चित करना रहा, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही और जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों, आश्रय स्थलों और तटबंधों (बंधों) की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की। सुरक्षा के लिहाज से जनपद में 98 प्रशिक्षित ‘आपदा मित्रों’ की एक विशेष टीम को तैयार रखा गया है, जिन्हें किसी भी आपात स्थिति में तुरंत तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही, संभावित बाढ़ क्षेत्रों में सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे करने और गोताखोरों व अस्थायी पंपिंग सेटों की सूची को तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलभराव की स्थिति में त्वरित राहत कार्य शुरू किया जा सके।
जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकारियों को नालों व नालियों की समयबद्ध सफाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जल निकासी में कोई भी अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री का वितरण बिना किसी देरी के सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को अभी से रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है।
बाढ़ के दौरान फैलने वाले संक्रामक रोगों को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग को टीकाकरण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पशुपालन विभाग को पशुओं के टीकाकरण और चारे की समुचित व्यवस्था समय रहते करने को कहा गया है। सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि स्कूलों में बच्चों को बाढ़, भूकंप और अग्नि जैसी आपदाओं से बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में प्रशिक्षित किया जाए।
इस दौरान बैठक में डीएम उमेश मिश्रा, एडीएम वित्त गजेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर व एसडीएम प्रवीण द्विवेदी आदि अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन की सुरक्षा और राहत उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा प्रबंधन को लेकर जनपद का हर विभाग हाई अलर्ट पर है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













