X बंद करें
   

मुज़फ्फरनगर में अतिक्रमण पर कार्यवाही, सड़क पर खड़े 221 वाहनों के काटे गए चालान

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन को जाम की झाम से मुक्ति दिलाने के लिए मुजफ्फरनगर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण में जनपद के मुख्य बाजारों और सड़कों पर एक विशेष अतिक्रमण व यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।

कावड़ यात्रा से पूर्व यातायात पुलिस की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के सबसे व्यस्ततम रूट शिव चौक से भगत सिंह रोड होते हुए शामली स्टैंड चौकी तक सघन चेकिंग और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण, अवैध रूप से लगाए गए काउंटर और ठेलों को मौके से हटवाया गया। पुलिस ने सख्त हिदायत दी कि दोबारा सड़क पर सामान फैलाया गया तो कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद सड़क काफी चौड़ी और साफ नजर आई, जिससे वाहनों का आवागमन सुगम हो सका।

बाजारों में जाम का एक बड़ा कारण नो-पार्किंग में बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहन भी हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इसके खिलाफ भी समानांतर अभियान चलाया। भगत सिंह रोड और शामली स्टैंड के आसपास नो-पार्किंग जोन में खड़े दोपहिया और चार पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 221 वाहनों के चालान काटे गए। कुछ वाहनों को क्रेन की मदद से उठाकर लाइन हाजिर भी किया गया।

यातायात प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह जनहित में और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और सड़कों पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर को जाम से मुक्त रखा जा सके। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News