X
मुजफ्फरनगर- आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। आज11 जुलाई 2026 को एसपी सिटी अमृत जैन ने कांवड़ यात्रा मार्ग सहित प्रमुख संवेदनशील स्थलों धमात नहर पुल और रामपुर तिराहे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती समय से पूरी कर ली जाए। साथ ही पूरे मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को अत्यंत सतर्क और मुस्तैद रहकर अपने दायित्वों को निभाने की हिदायत दी।
एसपी सिटी ने अन्य संबंधित प्रशासनिक विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कांवड़ मार्ग की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुकम्मल तैयारियां रखने के निर्देश दिए। इस स्थलीय निरीक्षण के अवसर पर क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र यादव और प्रभारी कांवड़ सेल रवेन्द्र यादव सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














