X
मुजफ्फरनगर- नगर में इस बार आषाढ़ मास के पावन उपलक्ष्य में भक्ति की अविरल धारा बहने जा रही है। इस्कॉन प्रचार समिति द्वारा पिछले 25 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भव्य ‘श्रीमद्भागवत कथा’ और ‘भगवान जगन्नाथ जी की विशाल रथयात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यह पूरा समागम श्रीमान साक्षी गोपाल दास के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
रामलीला मैदान में सजेगा दिव्य दरबार
इस्कॉन प्रचार समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस वर्ष भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 21 जून 2026 (दिन रविवार) से 28 जून 2026 (दिन रविवार) तक नई मंडी स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन सायं 7:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कथा के मुख्य आकर्षणों की जानकारी देते हुए समिति ने बताया कि कथा के तृतीय एवं पंचम दिवस पर क्रमशः अलौकिक ‘कृष्ण जन्मोत्सव’ एवं ‘गोवर्धन लीला’ का विशेष व भव्य सजीव मंचन किया जाएगा। कथा की पूर्णाहुति के बाद प्रतिदिन उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए ‘विशाल भंडारे’ (महाप्रसाद) की व्यवस्था रहेगी।
घर-घर तक हरिनाम संकीर्तन और सकारात्मक ऊर्जा पहुंचाने के उद्देश्य से कथा अवधि के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों व मोहल्लों से भव्य प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसके अतिरिक्त, आगामी 21 जुलाई 2026 को सायं 4:00 बजे मेहता क्लब, नई मंडी से भगवान जगन्नाथ जी की भव्य एवं विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश-विदेश से आए भक्त और स्थानीय श्रद्धालु शामिल होंगे।

इस्कॉन प्रचार समिति के संरक्षक लावण्य पुरी, चेयरमैन पंकज अग्रवाल, वाइस-चेयरमैन कुलवन्त सिंघल और प्रधान मनोज खण्डेलवाल ने सभी मुजफ्फरनगर वासियों को इस आध्यात्मिक महोत्सव में सपरिवार शामिल होने का भावभीना निमंत्रण दिया है। इस दौरान मुख्य रूप से राकेश अग्रवाल, गिरीश अरोरा, अमरीश, गोपाल, सुरेन्द्र अग्रवाल, संजीव बत्रा, राकेश वर्मा, संदीप माहेश्वरी, रविकान्त सिंघल, राजीव गुप्ता, स्वप्निल गुप्ता, अंकुर अग्रवाल, नवनीत भारद्वाज, मनीष गर्ग, राजेश गर्ग, हरीश, सतीश, लोकेश, सत्यम, सरगम सक्सैना, नीरज गोयल, सोनू भाई, विवेक गुलाटी, मोहित बंसल, सचिन, आशीष और शशांक आदि सहित अनेक पदाधिकारी व सनातन धर्मी उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














