X
मुजफ्फरनगर- पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के चुनावी नतीजों की काउंटिंग शुरू होते ही मुजफ्फरनगर में सियासी सरगर्मी के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठान भी तेज हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पवित्र आहुतियां देकर विजय की कामना की।
नुमाइश कैंप के दुर्गा मंदिर में गूंजे मंत्र
सोमवार सुबह जैसे ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता नुमाइश कैंप स्थित श्री दुर्गा मंदिर में एकत्रित हुए। सहारनपुर मंडल प्रभारी आदित्य प्रहलाद पाहुजा और जिला अध्यक्ष नवीन जांगिड़ के नेतृत्व में विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने गायत्री मंत्रों के साथ अग्नि में आहुतियां देते हुए केंद्र और प्रदेश नेतृत्व की सफलता के लिए प्रार्थना की।
हवन के दौरान माहौल उस समय और भी चर्चा का विषय बन गया जब कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से “स्वाहा” के नारे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पक्ष में नारेबाजी की, वहीं राहुल गांधी और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
मंडल प्रभारी आदित्य प्रहलाद पाहुजा ने विश्वास जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और असम सहित सभी पांच राज्यों में भाजपा भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा- “देश मोदी-शाह के नेतृत्व में तरक्की कर रहा है। आज का परिणाम यह साबित कर देगा कि बंगाल की जनता भी अब विकास के साथ है। यह हवन उसी विजय संकल्प की सिद्धि के लिए है।” कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया। कार्यकर्ताओं का दावा है कि मतगणना के रुझान जल्द ही भाजपा के पक्ष में एकतरफा हो जाएंगे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














