X
मुजफ्फरनगर- विकास प्राधिकरण (MDA) ने अवैध प्लाटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ एक बार फिर बड़ा डंडा चलाया है। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुढ़ाना रोड पर करीब 13,000 वर्गमीटर (लगभग 16 बीघा) क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त की प्रेरणा और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष (वीसी) श्रीमती प्रणता ऐश्वर्या के कड़े आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई। बुढ़ाना रोड पर अटल आवास एनक्लेव और इंडियाना फैक्ट्री से आगे खसरा नंबर 522, 523 और 524 में नरेंद्र सिंह, अशोक कुमार, शिव कुमार (पुत्रगण जयचन्द) और नरेंद्र कुमार (पुत्र टीकराम) द्वारा बिना एमडीए से ले-आउट या मानचित्र स्वीकृत कराए बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण व प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था।
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि इस अवैध निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा पूर्व में नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्रवाई के अंतर्गत विकासकर्ताओं को समुचित सुनवाई का अवसर भी प्रदान किया गया था। संतोषजनक जवाब न मिलने और अवैध निर्माण न रोके जाने पर सक्षम स्तर से ध्वस्तीकरण के अंतिम आदेश निर्गत किए गए थे।
बुधवार को जोन-4 के अंतर्गत आने वाले इस खसरा नंबर पर एमडीए का दस्ता बुलडोजर लेकर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। एमडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता (जेई) और पूरी मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम की देखरेख में पूरे 13,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर किए गए अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














