X
मुजफ्फरनगर- जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की टीम ने जिले की शराब की दुकानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अपर मुख्य सचिव (आबकारी) और आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में यह कार्रवाई अमल में लाई गई। जिला आबकारी अधिकारी और आबकारी निरीक्षकों की संयुक्त टीमों ने जिले भर में स्थित विभिन्न मदिरा दुकानों का बारीकी से निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीमों द्वारा दुकानों पर पॉस (PoS) मशीन के जरिए ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित कराई गई। इसके साथ ही दुकानों में मौजूद मदिरा के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर रजिस्टरों से मिलान किया गया। मदिरा प्रेमियों से तय कीमत से अधिक दाम (ओवररेटिंग) वसूलने की शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी निरीक्षकों द्वारा गोपनीय तरीके से ‘टेस्ट परचेज’ भी कराई गई।
आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर मदिरा बेचने वाले अनुज्ञापियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी दुकानें नियमानुसार संचालित हों और विक्रेताओं द्वारा पॉस मशीन से ही बिल जनरेट कर मदिरा बेची जाए।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















