X
मुजफ्फरनगर- उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण और विनष्टीकरण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में नारकोटिक्स सेल मुजफ्फरनगर द्वारा थाना खतौली पर पंजीकृत 12 अभियोगों (मुकदमों) से संबंधित 41.354 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट करा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार आज 3 जुलाई 2026 को जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष व पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात, कमेटी के सदस्य व क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू साव एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। थाना खतौली से संबंधित कुल 41.354 किलोग्राम मादक पदार्थों, जिसमें 22.324 किलोग्राम गांजा, 18 किलोग्राम डोडा/पोस्त और 1.03 किलोग्राम चरस शामिल था, को जनपद मेरठ स्थित सुभारती मेडिकल कॉलेज के सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट ले जाया गया। वहाँ पर्यावरण मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए इंसिनरेटर (भट्टी) के माध्यम से नियमानुसार इस पूरे माल का विनष्टीकरण/डिस्पोजल किया गया।
पहले भी बड़े पैमाने पर नष्ट किया जा चुका है मादक पदार्थ
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत लगातार नशे के सौदागरों से जब्त किए गए माल को कोर्ट के आदेशानुसार नष्ट कराया जा रहा है। इससे पहले भी तीन चरणों में भारी मात्रा में ड्रग्स नष्ट किया जा चुका है। 21 अप्रैल 2026 को जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित 997.669 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किया गया और 27 मई 2026 को विभिन्न मुकदमों से जुड़ा 865.380 किलोग्राम नशीला पदार्थ खाक किया गया। तो वहीं 30 जून 2026 में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मुजफ्फरनगर का 13.053 किलोग्राम मादक पदार्थ ठिकाने लगाया गया। यह सभी कार्रवाइयां भी मेरठ के इसी सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में पूरी की गई थीं।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद के कुल 65 अभियोगों (केसों) से संबंधित 19 क्विंटल 17.456 किलोग्राम (लगभग 1917 किलो) अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जा चुका है। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में इस नष्ट किए गए नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 6 लाख 44 हजार 110 रुपए आंकी गई है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com
















