X
मुजफ्फरनगर- जनपद में बिजली चोरों और बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग की टीम ने सोमवार को शहर की पॉश ए-टू-जेड (A-to-Z) कॉलोनी में औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान टीम ने दो उपभोक्ताओं को मीटर से छेड़छाड़ (टेंपरिंग) कर अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। विभाग की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ एंटी थेफ्ट विद्युत थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता (विद्युत नगरीय वितरण मंडल) श्री मनोज कुमार यादव एवं अधिशासी अभियंता (वाणिज्य-2) श्री कुलदीप सिंह के संयुक्त निर्देशन में 33/11 केवी जानसठ रोड उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में अमल में लाई गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित बिजली विभाग की संयुक्त टीम जैसे ही ए-टू-जेड कॉलोनी में जांच के लिए पहुंची, तो वहां अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
जांच अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली इस टीम में सहायक अभियंता (रेड) राघवेंद्र कुमार, सहायक अभियंता (मीटर) कपिल मुनि, सहायक अभियंता (वाणिज्य-1) दिनेश कुमार और सहायक अभियंता (वाणिज्य-2) सत्येंद्र कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। इनके साथ ही अवर अभियंता दिलीप कुमार, शीशराम, विजय कुशवाहा, वेदप्रकाश, भीमराज सिंह और भारी संख्या में लाइन स्टाफ के कर्मचारी मुस्तैद रहे। कार्रवाई के उपरांत विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की बिजली चोरी जैसे अवैध कृत्यों से दूर रहें। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए अपने बकाए बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें, ताकि विभाग द्वारा शहर में निर्बाध और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने चेतावनी भी दी कि आने वाले दिनों में बिजली चोरी के खिलाफ इस प्रकार के आकस्मिक चेकिंग अभियान और तेज किए जाएंगे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













