X
लखनऊ- (स्कूलों में बढ़ी छुट्टियां) उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। भीषण गर्मी और लू (हीट-वेव) के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब राज्य के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय 25 जून 2026 से खुलेंगे।
अपर मुख्य सचिव (बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग) पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा 16 जून 2026 को जारी सरकारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2026 में छात्र-छात्राओं के लिए अब 20 मई से 24 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। पूर्व निर्धारित कैलेंडर के तहत स्कूल 16 जून को खुलने थे, लेकिन तीव्र गर्मी के कारण बच्चों की उपस्थिति स्थगित करते हुए यह फैसला लिया गया है।

शिक्षकों को 22 जून से आना होगा स्कूल, पूरी करनी होंगी तैयारियां
शासनादेश के मुताबिक, भले ही बच्चों के लिए स्कूल 25 जून से खुलेंगे, लेकिन शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 22, 23 एवं 24 जून 2026 को विद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। इस अवधि में उन्हें पठन-पाठन शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी। लेसन प्लान बनाना और मिड-डे मील (MDM) की व्यवस्था दुरुस्त करना, विद्यालय परिसर, रसोई, क्लासरूम और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करना। साथ ही पेयजल व्यवस्था, बिजली कनेक्शन और स्मार्ट क्लास/आईसीटी लैब को क्रियाशील करना और पाठ्य पुस्तकों की तैयारी और विद्यालय शिक्षा समिति की बैठकें आयोजित करना।
21 जून को मनाया जाएगा योग दिवस
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक वर्ष की भांति 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर सभी विद्यालयों में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आरटीई (RTE) एक्ट के नियमों के तहत पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान न्यूनतम 220 दिन का पठन-पाठन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

















