X
लखनऊ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा और केंद्र सरकार के कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनभागीदारी कार्यक्रमों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और विकास कार्यों को गति देने के कड़े निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश में न्यूनतम 5 करोड़ पौधों का रोपण किया जाए। उन्होंने पौधों की पर्याप्त उपलब्धता, जियो टैगिंग और उनके संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत व नगरीय निकाय को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाने के लिए जनआंदोलन चलाने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि आरक्षी नागरिक पुलिस पदों की भर्ती परीक्षा आगामी 08, 09 एवं 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग द्वारा रियायती किराये पर विशेष बसों के संचालन तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

















