X बंद करें
   

मुजफ्फरनग- बिना नक्शा पास कराए किए गए 3 अवैध निर्माणों पर चला एमडीए का डंडा, सील किये गए अवैध निर्माण

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शहर में अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व्यावसायिक व आवासीय भवनों का निर्माण करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त की प्रेरणा और एमडीए उपाध्यक्ष श्रीमती प्रणता ऐश्वर्या के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्राधिकरण की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास क्षेत्र के जोन-1 और जोन-2 में तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से खड़े किए जा रहे भवनों को पूरी तरह सील कर दिया है। प्राधिकरण की इस औचक और सख्त कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।

प्राधिकरण के सचिव द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह सीलिंग की कार्रवाई मंगलवार को मुजफ्फरनगर के ए0टू0जेड रोड, कोर्ट रोड और कम्बल वाला बाग फ्लाईओवर के नीचे अमल में लाई गई। इसमें जोन-1 के प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ए0टू0जेड रोड पर जन औषधि केंद्र के सामने बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के बनाई जा रही दो व्यावसायिक दुकानों को सील किया गया। वहीं जोन-2 के अंतर्गत कोर्ट रोड पर न्यू नंदी स्वीट्स के बराबर में राजेश कुमार जैन द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत जाकर बनाए जा रहे एक व्यावसायिक भवन पर प्राधिकरण का डंडा चला।

इसके साथ ही रमन अग्रवाल द्वारा कम्बल वाला बाग फ्लाईओवर के नीचे बिना किसी अनुमति और नक्शे के किए जा रहे एक आवासीय भवन के अवैध निर्माण को भी टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। ​एमडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण द्वारा पूर्व में ही नियमानुसार नोटिस जारी कर चालानी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद निर्माणकर्ताओं द्वारा आदेशों की अनदेखी किए जाने पर पूर्व में निर्गत सील आदेशों के तहत यह सख्त कदम उठाया गया है। इस बड़ी सीलिंग कार्रवाई के दौरान मौके पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण की पूरी टीम और भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्राधिकरण ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर के विकास क्षेत्र में बिना स्वीकृत नक्शे के किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में इसी तरह की सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News