X
मुजफ्फरनगर- जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में एक हिंदू युवक के कथित जबरन धर्मांतरण के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। मात्र 100 रुपये देकर धर्म परिवर्तन कराने के इस सनसनीखेज मामले को लेकर हिंदू संगठन ‘क्रांति सेना’ में भारी आक्रोश है। मंगलवार को संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी देहात से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की।
मुजफ्फरनगर- थाना रतनपुरी पुलिस व एसओजी टीम की गिरफ्त से शौचालय के नाम पर चकमा देकर भागने वाले शातिर को किया घायल अवस्था में गिरफ्तार
क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी और जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गांव सीकरी निवासी राकेश नामक युवक को कुछ असामाजिक तत्वों ने लालच, धमकी और दबाव के जरिए जबरन धर्म परिवर्तन कराया। संगठन का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है और शहर में जन-आक्रोश व्याप्त है।
महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान और जिला उपाध्यक्ष संजीव वर्मा ने कहा कि जिन लोगों ने युवक का धर्मांतरण कराया और इस कृत्य का वीडियो वायरल कर समाज में विद्वेष फैलाने की कोशिश की, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में नरेंद्र ठाकुर, उज्ज्वल पंडित, निकुंज चौहान, रजनी शर्मा, शैलेंद्र, राजेंद्र तायल और अभिषेक सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
क्रांति सेना के पदाधिकारियों की बात सुनने के बाद एसपी देहात ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कानून के अनुसार किसी भी व्यक्ति को जबरन, लालच या धोखे से धर्मांतरण कराना एक गंभीर अपराध है। पुलिस इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













