X बंद करें

मुजफ्फरनगर- मीरापुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 मुकदमों का ‘शातिर गैंगस्टर’ गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना मीरापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को बीआईटी कॉलेज के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर और गैंगस्टर अपराधी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से बिना नंबर की मोटरसाइकिल और अवैध असलहा बरामद किया गया है।

घेराबंदी देख पुलिस पर झोंका फायर

मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में मीरापुर थाना प्रभारी राजीव शर्मा अपनी टीम के साथ बीआईटी कॉलेज के सामने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा। पीछा करने पर बदमाश ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

अपराध का लंबा इतिहास, दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक मामले

पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्त की पहचान नजर अब्बास, निवासी ग्राम तिस्सा (थाना भोपा) के रूप में हुई है। नजर अब्बास एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसका आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। उस पर मुजफ्फरनगर, बिजनौर और सहारनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। मौके से पुलिस ने चोरी की एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। सीओ जानसठ रुपाली राय चौधरी ने बताया कि अपराधी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी राजीव शर्मा के साथ उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, ओमेंद्र सिंह, मोहित कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News