X बंद करें

कानपुर में सजेगा आध्यात्मिकता का संगम, 22 मार्च को विशाल ‘राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम’ का आयोजन

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की दिव्य एवं करुणामयी छत्रछाया में 22 मार्च 2026 को कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड (पराग डेयरी के समीप) में उत्तर प्रदेश का भव्य राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम श्रद्धा, समरसता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। यह पावन आयोजन मानवता, विश्वबंधुत्व और आध्यात्मिक जागृति का प्रेरणास्रोत बनेगा।

उपरोक्त जानकारी देते हुए मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश ने बताया कि प्रातः 11बजे से दोपहर 4बजे तक चलने वाले इस दिव्य समागम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ जनपद मुजफ्फरनगर की ब्रांच खतौली, रामराज, पुरकाजी, शेरपुर खादर, बुढ़ाना, बलवाखेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु भक्तजन एकत्रित होकर सतगुरु के अमृतमय संदेशों का श्रवण करेंगे। सत्संग की इस पावन वाणी से मानव जीवन में प्रेम, सह-अस्तित्व, करुणा और वैश्विक भाईचारे की भावना को नया आलोक प्राप्त होगा।

जनपद मुजफ्फरनगर के संयोजक हरीश कुमार ने बताया कि समागम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए लंगर, प्याऊ, चिकित्सा सेवा, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ अत्यंत सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं। सभी भक्तजन सेवा-भाव, अनुशासन और समर्पण के साथ स्थल को स्वच्छ, सुंदर और भक्तिमय वातावरण से परिपूर्ण बनाने में निरंतर सक्रिय हैं। आयोजन की सफलता हेतु स्थानीय प्रशासन भी सहयोग प्रदान कर रहा है।

इस दिव्य समागम की पूर्व बेला में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से 20 एवं 21 मार्च को ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियम’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका मुख्य विषय ‘द सिक्स एलीमेंट्स’- छः तत्व रहेगा। इस प्रेरणादायी मंच पर लघु नाटक, भक्ति-गीत, पैनल चर्चा और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता, अनुशासन, आत्मिक संतुलन, मानवीय मूल्यों, सकारात्मक चिंतन तथा रचनात्मक नेतृत्व के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले युवा अपनी प्रतिभा, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से इस आयोजन को जीवंत बनाएंगे। यह सिम्पोजियम युवाओं के भीतर सेवा, सहयोग, समर्पण और वैश्विक मानवीय चेतना को सुदृढ़ करने का माध्यम सिद्ध होगा। निसंदेह, प्रेम, एकता, सहअस्तित्व और विश्वबंधुत्व के दिव्य संदेश से ओत-प्रोत यह संत समागम श्रद्धालुओं के जीवन में नई प्रेरणा, आत्मिक शांति और आनंद का आलोक प्रस्फुटित करेगा। इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालु भक्तों, नगरवासियों, बुद्धिजीवियों तथा प्रभुप्रेमी जनों को सादर आमंत्रित किया गया है कि वे इस आध्यात्मिक संगम में सहभागी बनकर सतगुरु कृपा का लाभ प्राप्त करें।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News