X
मुजफ्फरनगर- साकेत कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और निवासियों ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। पिछले 15 वर्षों से ब्राह्मण इंटर कॉलेज के कृषि मैदान के पीछे से आम जनता के लिए रास्ता खोलने की मांग कर रहे साकेतवासी अब पूरी तरह एकजुट हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वे भाजपा के खिलाफ कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं।
जाम की झंझट और बंद रास्ता बना मुसीबत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में वैकल्पिक तौर पर खुला हुआ रेलवे माल कॉरिडोर वाला रास्ता बंद हो जाने के कारण अब पूरा ट्रैफिक साकेत मेन रोड पर आ गया है। इसके चलते साकेत मेन रोड और अंसारी रोड पर पूरे दिन भीषण जाम लगा रहता है। साकेत, बसंत विहार और ब्रह्मपुरी के लोगों का आरोप है कि पुराने सरकारी कागजों में ब्राह्मण इंटर कॉलेज के कृषि मैदान से रेलवे माल कॉरिडोर के बराबर से रास्ता दर्शाया गया है, लेकिन अब कुछ लोगों ने उस पर अवैध रूप से दीवार खड़ी कर कब्जा कर लिया है।
11 सदस्यीय कमेटी करेगी डीएम से वार्ता
बैठक में क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद इस क्षेत्र के 80% से अधिक मतदाताओं की आवाज को लगातार अनसुना किया जा रहा है। अब इस मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए 11 सदस्यों की एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी जल्द ही जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मुलाकात कर जमीनी हकीकत और पुराने दस्तावेजों के साथ वार्ता करेगी। यदि इसके बाद भी रास्ता नहीं खुला, तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















