X
मुजफ्फरनगर- शहर के बिजली उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को घण्टों बिना बिजली के रहना पड़ सकता है। कल यानी 11 जून 2026 को विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘बिजनेस प्लान’ के अंतर्गत आवश्यक कार्यों के चलते शहर के दो बड़े बिजलीघरों- मण्डी समिति और सुजड़ू उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटों का आधिकारिक शटडाउन रहेगा। इस दौरान विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।
जिसमें मण्डी समिति उपकेंद्र 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मण्डी समिति से निर्गत 11 केवी गांधी नगर पोषक (फीडर) के अंतर्गत आने वाले इलाकों में गुरुवार सुबह डेढ़ घंटे की बिजली कटौती रहेगी। यहाँ सुबह 08:30 से 10:00 बजे तक बिजली गुल रहेगी। इस दौरान विभाग द्वारा बिजनेस प्लान के तहत प्रस्तावित कार्यों को पूरा किया जाएगा, जिसमें डीटीओ मीटरिंग का कार्य और वितरण परिवर्तकों (ट्रांसफार्मर) की खराब लीड बदलने का महत्वपूर्ण मरम्मत कार्य संपादित किया जाएगा।
जबकि सुजड़ू उपकेंद्र 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सुजड़ू के अंतर्गत आने वाले बड़े इलाके में गुरुवार को सुबह 4 घंटे का लंबा शटडाउन लिया जा रहा है। इसके अंतर्गत क्षेत्र में सुबह 08:00 से दोपहर 12:00 बजे तक बिजली ठप रहेगी। बिजनेस प्लान के अंतर्गत ट्रांसफार्मरों (परिवर्तकों) को शिफ्ट करने यानी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का भारी कार्य किया जाना है। इस वजह से सुजड़ू बिजलीघर से जुड़े खालापार, जहांगीर पट्टी एवं सुजड़ू पोषकों (फीडर्स) के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी।
विद्युत उपकेंद्रों के अधिकारियों ने इन क्षेत्रों के सभी सम्मानित उपभोक्ताओं और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे लंबे शटडाउन को देखते हुए पानी के भंडारण सहित अपनी सभी आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुबह ही समय से पहले कर लें। विभाग ने इस अति आवश्यक विकास और मरम्मत कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए जनता से सहयोग की अपेक्षा की है। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की पूछताछ या अधिक जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













