X
मुज़फ्फरनगर- परीक्षा देने आए छात्रों को गुगल मैप ने भटकाया, छात्रों ने बताया है कि गुगल मैप ने परीक्षा देने आए 4 छात्रों को शामली पहुंचा दिया, जिसके चलते उनकी यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा छूट गयी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए गाजियाबाद और हापुड़ के चार अभ्यर्थियों के साथ एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि गूगल मैप के गलत दिशा-निर्देश के कारण चारों अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच सके और उनकी परीक्षा छूट गई। दरअसल ये चार अभ्यर्थी सुबह की पहली पाली की परीक्षा देने मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। परीक्षा केंद्र नई मंडी थाना क्षेत्र के पटेल नगर स्थित दीपचंद ग्रीन चैंबर इंटर कॉलेज में निर्धारित था। अभ्यर्थी मोटरसाइकिल से निकले और रास्ता खोजने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया।
आरोप है कि मैप ने उन्हें सही मार्ग दिखाने के बजाय शामली जनपद के चंदहेड़ी गांव के जंगल क्षेत्र में पहुंचा दिया, जिससे उनका काफी समय बर्बाद हो गया। गलत लोकेशन पर पहुंचने के बाद जब अभ्यर्थियों को अपनी गलती का एहसास हुआ तो वे तुरंत परीक्षा केंद्र की ओर रवाना हुए, लेकिन तब तक परीक्षा शुरू हो चुकी थी और उन्हें प्रवेश नहीं मिला।
निराश अभ्यर्थी बाद में जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी को अपनी समस्या बताई। इसके बाद उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजा गया, जहां उनकी मुलाकात एसपी सिटी अमृत जैन से हुई। एसपी सिटी अमृत जैन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गूगल को भी पत्र भेजा जाएगा, जिसमें यह पूछा जाएगा कि सही परीक्षा केंद्र की जगह गलत लोकेशन क्यों दिखाई गई।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












