X बंद करें
   

मुजफ्फरनगर- भोपा गंगनहर पुल से ट्रैफिक पुलिस के होमगार्ड ने लगाई छलांग; बाइक और पर्स बरामद, तलाश में जुटी एसडीआरएफ

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगनहर पुल से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस में तैनात एक होमगार्ड द्वारा अचानक गंगनहर में छलांग लगाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना से गंगनहर पटरी और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई भोपा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और 44वीं वाहिनी बाढ़ राहत दल (SDRF) की टीम को बुलाकर गंगनहर में सघन सर्च अभियान शुरू करवाया।

घटनाक्रम के अनुसार, राहगीरों ने भोपा पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति अपनी बाइक पुल पर खड़ी कर गंगनहर में कूद गया है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) देवव्रत वाजपेयी और थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पुल पर लावारिस खड़ी बाइक से एक पर्स और मोबाइल फोन बरामद किया। दस्तावेजों के आधार पर उक्त व्यक्ति की पहचान 55 वर्षीय आनंद कुमार पुत्र रतन सिंह के रूप में हुई, जो मूल रूप से छपार थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहा के निवासी थे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आनंद कुमार होमगार्ड विभाग के अंतर्गत वर्तमान में कंपनी ‘ए’ नगर ट्रैफिक पुलिस मुजफ्फरनगर में तैनात थे। पुलिस द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के बाद बदहवास हालत में परिजन भी भोपा गंगनहर पटरी पर पहुंचे और वहां मिली बाइक व पर्स के आधार पर आनंद कुमार की पहचान की। आनंद कुमार के परिवार में उनकी पत्नी कविता देवी और दो विवाहित पुत्र राहुल कुमार व सोनू कुमार हैं। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी भी अनहोनी की आशंका से बेहद सहमे हुए हैं।

क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेयी ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि गंगनहर में कूदे होमगार्ड आनंद कुमार की तलाश के लिए जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। नहर के तेज बहाव को देखते हुए दूर तक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक होमगार्ड का कोई सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पूरी मुस्तैदी से डटी हुई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि होमगार्ड ने किन परिस्थितियों में और किस मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News