X
मुजफ्फरनगर- जहाँ एक ओर पुलिस को अक्सर अनुशासन और सख्ती के लिए जाना जाता है, वहीं आज जनपद में खाकी का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया जिसने सबका दिल जीत लिया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने कर्तव्यनिष्ठा के साथ-साथ मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने न केवल घायल वृद्ध दंपत्ति की जान बचाई, बल्कि खुद प्राथमिक उपचार देकर उन्हें अस्पताल पहुँचाया।
निरीक्षण के दौरान दिखी कराहती बुजुर्ग जोड़ी
घटना शनिवार रात्रि की है। एसपी सिटी अमृत जैन नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए भ्रमण पर थे। जैसे ही उनका काफिला चरथावल रोड स्थित शनि धाम मंदिर के समीप पहुँचा, उनकी नज़र सड़क किनारे घायल अवस्था में कराह रहे एक वृद्ध दंपत्ति पर पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया। बिना किसी देरी के वे खुद घायलों के पास पहुँचे। उन्होंने प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए अपने एस्कॉर्ट वाहन से फर्स्ट एड किट मंगवाई और घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देना शुरू किया। पुलिस अधिकारी के इस रूप को देख वहाँ मौजूद राहगीर भी दंग रह गए।
अपनी सरकारी गाड़ी से भेजा अस्पताल
प्राथमिक उपचार के बाद, एसपी सिटी अमृत जैन ने एंबुलेंस का इंतज़ार करने के बजाय समय की कीमत को समझा और घायलों को अपनी एस्कॉर्ट कार के माध्यम से तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों को समुचित उपचार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके परिजनों को सूचना दी, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
आमजन से अपील- संकट में न हिचकिचाएं
इस दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने मौके पर मौजूद लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि, “संकट के समय हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह मदद के लिए आगे आए।” उन्होंने अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दें। और स्वास्थ्य संबंधी इमरजेंसी के लिए 108 नंबर एंबुलेंस सेवा का लाभ लें। मुजफ्फरनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और एसपी सिटी के मानवीय व्यवहार की पूरे जनपद में जमकर प्रशंसा हो रही है।














