X
मुजफ्फरनगर- जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज के सभागार में मंगलवार को ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था के तत्वाधान में शिक्षकों के लिए एक प्रेरणादायक कार्यशाला ‘‘आर्ट ऑफ टीचिंग बाय आर्ट ऑफ लिविंग’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के मुख्य ट्रेनर धीरज बत्रा, पूनम शर्मा और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया सहित वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के व्यक्तित्व विकास और उनके मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना था।
कार्यशाला के दौरान धीरज बत्रा और पूनम शर्मा ने सभी शिक्षकों को सूक्ष्म योग और ध्यान (मेडिटेशन) की विभिन्न प्रक्रियाएं सिखाईं। धीरज बत्रा ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए कहा कि नियमित ध्यान करने से मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि एक शांत और ऊर्जावान शिक्षक ही विद्यार्थियों का सही मार्गदर्शन कर सकता है।
पूनम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एक आदर्श शिक्षक वही है जो ज्ञानवान होने के साथ-साथ धैर्यवान, संवेदनशील और सकारात्मक सोच से युक्त हो। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाता है। अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी का आभार व्यक्त किया और समस्त स्टाफ ने जीवन में नियमित योग व ध्यान अपनाने का संकल्प लिया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












