X
मुजफ्फरनगर- शहर के सर्कुलर रोड स्थित प्रसिद्ध डॉक्टर अहलावत के क्लीनिक पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला और उसके पति ने क्लीनिक व मेडिकल स्टोर कर्मियों पर बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पीड़ित दंपति का कहना है कि वे अपने बीमार पिता की दवाइयों के सिलसिले में परामर्श लेने आए थे, जहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
830 रुपये के बकाया को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित महिला प्रीति ने बताया कि उनके पिता गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका इलाज चल रहा है। सुबह के समय जब वह पिता की इंसुलिन व दवाइयों के परामर्श हेतु डॉक्टर के पास पहुंचीं, तो डॉक्टर और मेडिकल स्टोर वाले ने उन पर 830 रुपये जमा न करने का आरोप लगा दिया। महिला का दावा है कि उन्होंने पूर्व में ही पूरे पैसे दे दिए थे और उन्होंने निष्पक्षता के लिए क्लीनिक का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज चेक कराने की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बजाय मेडिकल स्टोर वाले ने उनके साथ अमर्यादित भाषा में बात की और बदतमीजी की। घटना की सूचना मिलते ही महिला के पति भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता की स्थिति नाजुक है और मदद करने के बजाय डॉक्टर ने भी मेडिकल स्टोर कर्मी का ही पक्ष लिया तथा मामले को टालने का प्रयास किया।
दंपति का कहना है कि डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं, लेकिन यहां मरीजों और उनके परिजनों के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद निराशाजनक है। हंगामे के बाद पीड़ित दंपति कानूनी व प्रशासनिक स्तर पर शिकायत करने की बात कहते हुए वहां से चले गए। डॉक्टर का पक्ष जानने हेतु जब मीडियाकर्मी हॉस्पिटल के रिसेप्शन पर गए तो उन्होंने कैमरे पर अपना बयान देने से मना कर दिया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















