X
मुजफ्फरनगर- जनपद में तीन बच्चों की मां नाजिया ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपने पति इस्तिखार बेग पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसका पति उसे तीन तलाक देकर एक किन्नर (जोया) के साथ फरार हो गया है। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
दहेज उत्पीड़न और मारपीट के बाद दिया ‘तीन तलाक’
मिमलाना रोड निवासी पीड़िता नाजिया ने बताया कि उसकी शादी करीब 6 साल पहले आर्यपुरी निवासी इस्तिखार बेग से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते थे। पीड़िता ने दावा किया कि पति के किन्नर से शादी से पहले से संबंध थे। इसका विरोध करने पर गत 2 जून को पति व ससुराल वालों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
मासूम बच्चों के सामने आर्थिक संकट, जांच की मांग
पति के चले जाने से पीड़िता और उसके तीन मासूम बच्चों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता ने मीडिया के सामने पति के अनैतिक संबंधों से जुड़े वीडियो साक्ष्य होने का दावा करते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















