X बंद करें
   

मुजफ्फरनगर में ‘महाकाल लंगर सेवा’ के सफल 6 वर्ष पूर्ण, प्रतिदिन सैकड़ों जरूरतमंदों को मिल रहा शुद्ध भोजन

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- “शहर में कोई भी भूखा न सोए” इसी पावन संकल्प के साथ मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर निरंतर संचालित हो रही ‘महाकाल लंगर सेवा’ ने अपने सेवाकाल के सफल 6 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस गौरवमयी उपलब्धि पर लंगर सेवा के संस्थापक महेश बाठला ने सभी नगरवासियों और सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

लॉकडाउन के संकटकाल में हुई थी शुरुआत

इस ऐतिहासिक सेवा कार्य की शुरुआत कोरोना लॉकडाउन के बेहद कठिन समय में समाजसेवी महेश बाठला द्वारा अपने माता-पिता की शादी की सालगिरह (मैरिज एनिवर्सरी) के पावन अवसर पर की गई थी। शुरुआत में छोटे स्तर पर शुरू हुआ यह प्रयास आज एक विशाल जनसेवा का रूप ले चुका है। वर्तमान में समाज के तमाम गणमान्य और सहृदय लोग इस पुनीत कार्य में तन, मन और धन से अपना निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

प्रतिदिन शाम 5 बजे भोजन वितरण

महाकाल लंगर सेवा के अंतर्गत प्रतिदिन शाम ठीक 5:00 बजे मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को घर जैसा शुद्ध, सात्विक और पौष्टिक भोजन प्रसाद के रूप में पूरी श्रद्धा के साथ खिलाया जाता है। लंगर सेवा की सबसे खास बात यह है कि अब यह पूरे मुजफ्फरनगर की अपनी सेवा बन चुकी है।

शहर के लोग अपने परिजनों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह या पूर्वजों की पुण्यतिथि के अवसर पर महेश बाठला से संपर्क कर अपनी मनपसंद तारीख बुक कराते हैं और उस दिन के भोजन प्रसाद की पूरी व्यवस्था सहर्ष संभालते हैं। 6 वर्ष पूरे होने पर महेश बाठला ने कहा कि यह बाबा महाकाल का आशीर्वाद और नगरवासियों का निस्वार्थ प्रेम ही है, जिसके कारण यह रसोई बिना रुके अनवरत चल रही है। उन्होंने भविष्य में भी इस सेवा को इसी तरह जारी रखने का संकल्प दोहराया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News