X
मुजफ्फरनगर- आगामी त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात खाद्य विभाग की टीम ने ‘अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर’ पर औचक छापेमारी कर केमिकल और कास्टिक सोडे से नकली दूध बनाने के बड़े काले कारोबार का भंडाफोड़ किया।

घंटों चली इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य पदार्थ और रसायनिक सामग्री जब्त की:
- जब्ती व कार्रवाई: 14,500 लीटर मिलावटी दूध, 235 किलो मिल्क पाउडर, 70 किलो क्रीम, 10 किलो घी, 10 किलो कास्टिक सोडा और 48 लीटर संदिग्ध केमिकल जब्त किया गया।
- नष्ट कराया घोल: मौके पर तैयार पाए गए 200 किलो मिल्क पाउडर के घोल को टीम ने तुरंत नष्ट कराया।
- सैंपलिंग व सीलिंग: टीम ने कुल 10 सैंपल (5 दूध, 1 घी, 1 क्रीम, 1 एसएमपी और 2 केमिकल) लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे हैं। इसके साथ ही फैक्ट्री का संचालन तुरंत प्रभाव से बंद कराकर सील कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों पर दूध व मावे की बढ़ी मांग को देखते हुए यह सख्त निगरानी बरती जा रही है। फैक्ट्री मालिक अकबर के खिलाफ बुढ़ाना कोतवाली में गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है।













