X
मुजफ्फरनगर- उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मुजफ्फरनगर की पावन धरा से विकास और सुरक्षा का नया शंखनाद किया। मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जनपद को 951 करोड़ रुपये की 174 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, किसान हित और युवाओं के रोजगार पर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
योगी का हेलीकॉप्टर देखने और फोटो खींचने वालों की पुल पर लगी भीड़
“बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह केवल मिट्टी में”
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों और भू-माफियाओं को सीधे शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “आज का उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगों से मुक्त है। अब यहाँ उपद्रव नहीं, उत्सव मनाए जाते हैं।” बेटियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए सीएम ने स्पष्ट किया कि जो कोई भी हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके लिए इस धरती पर कोई जगह नहीं है, उसकी जगह केवल मिट्टी में होगी।
किसानों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने मुजफ्फरनगर के गुड़ की मिठास की सराहना की। उन्होंने आंकड़ों के साथ बताया कि पिछले 9 वर्षों में उनकी सरकार ने 2 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया है, जो पिछली सरकारों की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब चीनी मिलें ‘शुगर कॉम्प्लेक्स’ के रूप में विकसित हो रही हैं, जहाँ एथेनॉल और बिजली का उत्पादन भी होगा। साथ ही, उन्होंने किसानों को ट्यूबवेल के लिए मुफ्त बिजली देने के अपने संकल्प को दोहराया।
सांसद हरेंद्र मलिक ने दिव्यांगों को दिलाई ट्राई साइकिलें, लाभार्थी बोले इसके बिना जीवन था मोहताज़
समारोह के दौरान सीएम ने युवाओं के लिए अत्याधुनिक ‘सेंटर ऑफ इनोवेशन इनक्यूबेशन एंड ट्रेनिंग’ (CII) की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि यहाँ का युवा अब एआई (AI), रोबोटिक्स और ड्रोन टेक्नोलॉजी सीखकर दुनिया भर में अपनी धाक जमाएगा। विकास की गति को देखते हुए उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मुजफ्फरनगर को ‘नगर निगम’ बनाने और ‘स्मार्ट सिटी’ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर में लोक माता अहिल्याबाई होलकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने उन्हें न्याय और सुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने गुलामी के कालखंड में भी काशी विश्वनाथ जैसे मंदिरों का जीर्णोद्धार कराकर भारतीय विरासत को संरक्षित किया। मुख्यमंत्री ने महापुरुषों को जाति के दायरे में न बांधने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रनायक पूरे देश के होते हैं।
पूर्ववर्ती सरकारों पर प्रहार करते हुए सीएम ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पहचान का संकट था, लेकिन आज ‘डबल इंजन’ की सरकार ने 9 लाख नौजवानों को बिना किसी भेदभाव और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट और रैपिड रेल जैसे प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए मुजफ्फरनगर को विकास की मुख्यधारा से जोड़े रखने का भरोसा दिलाया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















