X
मुजफ्फरनगर- महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूपी बोर्ड की 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, मेडल और प्रोत्साहन धनराशि देकर सम्मानित किया गया।

मेधावी छात्रा सम्मान: यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 22 मेधावी छात्राओं को कुल ₹1,25,000 की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। कक्षा 10 की प्रथम 10 बालिकाओं को ₹5,000 का प्रतीक चेक व मेडल, कक्षा 12 की प्रथम 11 बालिकाओं को ₹5,000 का प्रतीक चेक व मेडल, तथा कक्षा 12 में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को ₹20,000 का प्रतीक चेक व मेडल प्रदान किया गया। लैपटॉप वितरण: महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड)’ के अंतर्गत कक्षा 9 व उससे ऊपर के 5 पात्र बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए।
मेधावियों की सफलता से बढ़ा जनपद का मान
समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अधिकारियों ने सभी मेधावियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि आज हमारे बच्चे अपनी लगन और मेहनत के बल पर परिवार और जनपद का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर रहे हैं। इस तरह के प्रोत्साहन से बच्चों में शिक्षा के प्रति और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक और सकारात्मक माहौल तैयार होता है।
छात्रों और अभिभावकों में दिखा खासा उत्साह
सम्मान स्वरूप लैपटॉप, मेडल और धनराशि पाकर मेधावी विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने भी सरकार व महिला कल्याण विभाग की इस कल्याणकारी योजना और प्रोत्साहन पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













