X
मुजफ्फरनगर- शासन की मंशा के अनुरूप जेल व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बैरकों, रसोईघर, अस्पताल और सुरक्षा उपकरणों की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुरुष व महिला बैरकों का जायजा लिया और बंदियों से संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं व समस्याओं की जानकारी ली। रसोईघर की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष साफ-सफाई रखने और मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जेल अस्पताल का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता और ओपीडी सेवाओं को देखा, साथ ही निर्देश दिया कि बंदियों के इलाज में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
सुरक्षा के लिहाज से परिसर में स्थापित जैमर प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों और मुलाकाती रजिस्टर का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी व एसएसपी ने जेल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि शातिर अपराधियों और बंदियों पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए। जेल परिसर के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहे। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पूरी सतर्कता और निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाएं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















