X
मुज़फ्फरनगर- पचेंडा रोड स्थित पी. आर. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों में खेल का जज्बा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार सदनों नोवा, सेज, अपेक्स, जील की टीमों ने अपने कप्तान वंश धीमान, जसप्रीत, अमीर हम्ज़ा, देवांश बालियान के नेतृत्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया।प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनघ सिंघल जी एवं खेल शिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए किया गया।
मैदान में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। तेज पास, शानदार बचाव और सटीक गोल ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।सभी टीमों ने जीत के लिए पूरी मेहनत की और अंतिम क्षण तक संघर्ष किया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए उपस्थित विद्यार्थियों ने तालियों एवं उत्साहवर्धक नारों से उनका मनोबल बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने यह सिद्ध किया कि खेल में जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, सहयोग और अनुशासन है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता तथा विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम अपेक्स एवं उपविजेता टीम सेज, तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल जी ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करने में दिव्या शर्मा, प्रवीण कुमार, शंकर शर्मा, अभिषेक, दीपक मलिक आदि का विशेष योगदान रहा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













