X बंद करें
   

गांधी कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक, बुजुर्ग के बाद 32 वर्षीय युवक को काटा, स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- नगर पालिका की अनदेखी और लापरवाही के कारण शहर की पॉश कॉलोनियों में भी आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गांधी कॉलोनी की गली नंबर 15 का है, जहां एक खूंखार और आक्रामक कुत्ते ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है। गाँधी कॉलोनी ही नहीं अपितु नगर की अनेक कॉलोनियों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार सामने आ रहा है। सवेरे-सवेरे स्कूल जाने वाले बच्चे व शिक्षिकाएं भी इनसे आतंकित होते रहते हैं।

नगर के गाँधी कॉलोनी, नुमाइश कैम्प, प्रेमपुरी व नई मंडी आदि मौहल्लों में कुत्तों के आतंक की खबरें लगातार आ रही हैं। यहाँ आवारा कुत्तों के झुंड अक्सर ऐसे पीछे दौड़ते हैं कि व्यक्ति भयभीत हो जाता है। हाल ही में गांधी कॉलोनी की गली नंबर 15 में एक आवारा कुत्ते ने गली के एक बुजुर्ग को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के अभी कुछ ही दिन बीते थे कि उक्त कुत्ते ने एक 32 वर्षीय युवक पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

घर से निकलने में भी डर रहे लोग

​पीड़ित परिवार की बिंदु टंडन ने मीडिया को बताया नगर पालिका प्रशासन और अधिकारियों को जल्द ही शिकायती पत्र भेजकर कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा। निवासियों का कहना है कि गली में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में पड़ गई है। लोग अपने ही घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। ​क्षेत्रवासियों ने रोष जताते हुए सवाल उठाया कि आखिर नगर पालिका प्रशासन किस बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? क्या किसी बच्चे के साथ बड़ी दुर्घटना होने के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद टूटेगी?

​शिकायतकर्ता बिंदु टंडन ने तीखा रुख अपनाते हुए कहा, “हमें जानवरों से कोई दुर्भावना नहीं है, लेकिन इंसानों की जान और सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। अक्सर ऐसी घटनाओं के बाद कुछ तथाकथित डॉग लवर्स आकर तर्क देने लगते हैं। यदि उन्हें इतनी ही सहानुभूति है, तो वे इन आक्रामक कुत्तों को गोद लेकर अपने घर रखें और जिम्मेदारी उठाएं।”

नगर पालिका से उठाई तत्काल कार्रवाई की मांग

गांधी कॉलोनी व सुभाष नगर के निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से सख्त और ठोस कदम उठाने की मांग की है। आक्रामक कुत्तों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। क्षेत्र में घूम रहे अन्य खतरनाक आवारा कुत्तों की पहचान कर अभियान चलाया जाए। गांधी कॉलोनी में नियमित निरीक्षण कर नगर पालिका परिषद केवल टैक्स वसूली न करे, बल्कि नागरिकों की मूलभूत सुरक्षा भी सुनिश्चित करे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News