X बंद करें
   

मुजफ्फरनगर- देवोपम किड्स गार्डन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और पितृ दिवस की धूम; योग, जुम्बा और मनोरंजक प्रतियोगिताओं से सजी महफिल

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- गांधी कॉलोनी स्थित प्रतिष्ठित प्ले स्कूल ‘देवोपम किड्स गार्डन’ के प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और पितृ दिवस (फादर्स डे) का भव्य आयोजन किया गया। इस दोहरे उत्सव में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों, उनके अभिभावकों, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और क्षेत्र के नियमित योग साधकों ने भारी संख्या में उत्साहपूर्वक शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर की सुप्रसिद्ध योग एवं जुम्बा ट्रेनर श्रीमती रमा उपस्थित रहीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

आयोजन के पहले चरण में योगाचार्य श्रीमती रमा के कुशल सानिध्य में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से योग, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके बाद उन्होंने आधुनिक जीवनशैली में शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए बॉडी बैलेंसिंग, डीप स्ट्रेचिंग, जुम्बा और एरोबिक्स के बेहतरीन स्टेप्स सिखाए। संगीत की धुनों पर योग और जुम्बा का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला कि बच्चे और अभिभावक खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। सभी साधकों ने इसके जरिए शरीर और मन पर नियंत्रण रखने की महत्वपूर्ण विधा को बेहद सरल ढंग से सीखा।

इसके पश्चात कार्यक्रम के दूसरे चरण में पितृ दिवस के उपलक्ष्य में कई रोचक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन खेल-कूद और गतिविधियों में उपस्थित पिताओं ने अपने-अपने बच्चों के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। पिता और बच्चों की इस जुगलबंदी ने माहौल को बेहद भावुक और खुशनुमा बना दिया। अपने बच्चों के चेहरों पर खिली मनमोहक मुस्कान और उत्साह देखकर सभी पिताओं की आंखें खुशी से छलक आईं और उन्होंने गर्व का अनुभव किया।

कार्यक्रम के समापन पर स्कूल की प्रधानाचार्या नेहा अरोरा व डायरेक्टर राजीव मुंजाल ने मुख्य अतिथि श्रीमती रमा सहित वहां मौजूद सभी अभिभावकों और अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रिंसिपल नेहा अरोरा ने सभी आगंतुकों को स्मृति चिह्न के रूप में जीवित पौधे भेंट किए। उन्होंने सभी से अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय निकालकर नियमित रूप से योग, ध्यान और प्राणायाम को जीवन का हिस्सा बनाने का पुरजोर आग्रह किया, ताकि एक स्वस्थ और सकारात्मक समाज का निर्माण हो सके।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News