X
मुजफ्फरनगर- जनपद की जानसठ कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बैंक चोरी के शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कर्जा उतारने के लिए तोड़ी थी बैंक की दीवार
पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान नीरज के रूप में हुई है। नीरज ने कुबूल किया कि उस पर काफी कर्जा था, जिसे उतारने के लिए उसने बीती 10 जून की रात को तिसंग गांव स्थित ‘यूनियन बैंक ऑफ इंडिया’ की दीवार तोड़कर लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का इससे पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। वह सोमवार रात चोरी की रकम को किसी सुरक्षित ठिकाने पर छिपाने की फिराक में था।
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर जानसठ पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो आरोपी रुका नहीं और उसने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से आरोपी नीरज घायल होकर गिर पड़ा।
लाखों की नकदी और अवैध असलहा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से बैंक से चुराए गए 4 लाख 17 हजार 500 रुपये की शत-प्रतिशत नकदी, घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज हेतु CHC जानसठ भिजवा दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














