X
मुजफ्फरनगर- श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा पुरुषोत्तम मास के समापन और सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर भरतिया कॉलोनी में एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। ललिता रानी और राहुल तायल के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में तायल परिवार द्वारा सर्वप्रथम गीता जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई और विधिवत दीप प्रज्वलित कर पूजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में वैदिक मंत्रोच्चार और हवन में आहुतियां देते हुए भावपूर्वक गीता जी के 15वें अध्याय ‘पुरुषोत्तम योग’ का पाठ और भगवत स्तुति की गई। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने गणेश वन्दना व महामंत्र का जाप कराया, जबकि राजेश वर्मा ने मां शारदा और गुरु वंदना की। भजन संध्या में सुभाष गर्ग, विपिन कुमार, वृंदा और भजन गायक राजेश वर्मा व अजय भैया ने “एक नजर कृपा की कर दो, सांवरे गिरधारी” और “रे मन करले गीता पाठ” जैसे सुमधुर भजन प्रस्तुत किए, जिन्हें सुनकर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूम उठे।
जीओ गीता परिवार के वरिष्ठ सदस्य रामबीर सिंह ने गीता जी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित गीतापाठ से मानसिक शांति, तनाव से मुक्ति और एकाग्रता मिलती है। यह मनुष्य को निष्काम कर्म की प्रेरणा देकर विकारों पर विजय पाने की शक्ति देता है। इस अवसर पर ‘घर-घर गीता’ संकल्प के तहत श्रद्धालुओं को गीता पाठ के पत्रक भी भेंट किए गए। इस धार्मिक समागम में मुख्य रूप से मुख्य अतिथि, सभासद माहिका गुप्ता, गरिमा गोयल, मीनाक्षी गर्ग, अजय गर्ग, आशीष गुप्ता, विजय शंकर शर्मा, होतीलाल शर्मा, दीपाली कौशिक, शुभम वत्स, डॉ. अंकिता गर्ग, मेजर तोमर और रवि तोमर सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














