X
मुजफ्फरनगर- जनपद की अग्रणी सामाजिक संस्था ‘समर्पित युवा समिति’ और देश के सुविख्यात मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (साकेत, दिल्ली) अब मिलकर मुजफ्फरनगर में समाजसेवा और जन-कल्याण के कार्यों को नई गति देंगे। इस संबंध में समर्पित युवा समिति के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल का दौरा कर वहां के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक के दौरान समर्पित युवा परिवार द्वारा पूर्व में किए गए और वर्तमान में जारी देश व समाज हित के कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों संस्थाओं के बीच मुख्य रूप से रक्तदान, प्लेटलेट्स डोनेशन, नेत्रदान जागरूकता, नि:शुल्क मेडिकल कैंप, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास जैसे गंभीर व संवेदनशील विषयों पर गहन मंथन हुआ। लंबी वार्ता के बाद यह सर्वसम्मति से तय किया गया कि निकट भविष्य में समर्पित युवा समिति और मैक्स हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मुजफ्फरनगर जनपद में बड़े स्तर पर कई सामाजिक कार्य और देश सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे सीधे तौर पर स्थानीय आमजन को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण और दूरगामी बैठक में समर्पित युवा परिवार की ओर से अमित पटपटिया, हितेश आनंद, मोहित ईश्पूजानी, मनी पटपटिया, शालिनी आनंद ने मुख्य रूप से प्रतिभाग कर मुजफ्फरनगर के सामाजिक परिदृश्य और आवश्यकताओं को मैक्स अस्पताल के प्रबंधन के समक्ष प्रमुखता से रखा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














