X
मुजफ्फरनगर- पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने 16 मुकदमों से संबंधित 865.38 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट करा दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
कमेटी के अध्यक्ष/एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे के नेतृत्व में सीओ कार्यालय विश्वजीत सिंह और एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी मुनीश कुमार की मौजूदगी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। माननीय एनडीपीएस कोर्ट के आदेशानुसार, जनपद के विभिन्न थानों (मीरापुर के 10, बुढ़ाना के 5 और नई मंडी के 1) में दर्ज कुल 16 मुकदमों से जुड़े माल को नष्ट किया गया। इसमें 814.83 किग्रा गांजा, 50 किग्रा डोडा और 0.55 किग्रा चरस शामिल थी।

इस खेप को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज स्थित सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट के इन्सिनरेटर (भट्टी) में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, युवाओं के भविष्य को नशे से बचाने और ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













