X बंद करें
   

मुजफ्फरनगर- शादी के नाम पर ठगने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश, जेवरातों के साथ तीन महिलाएं गिरफ्तार

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- थाना छपार पुलिस ने शादी कराने के नाम पर सीधे-साधे और जरूरतमंद परिवारों को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की मुख्य सदस्य ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ी गई महिलाओं के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित ने बताया कि उसकी मुलाकात रविन्द्र (निवासी ग्राम घुमावटी) से हुई थी। रविन्द्र ने पीड़ित के बेटे की शादी कराने का झांसा दिया और मोबाइल पर सोनाक्षी नाम की एक युवती की फोटो दिखाई। शादी तय कराने और खर्च के नाम पर पीड़ित परिवार से मोटी रकम ऐंठी गई। इसके बाद हरिद्वार के एक मैरिज होम में धूमधाम से शादी संपन्न कराई गई, जहाँ पीड़ित परिवार ने नई वधू को सोने-चांदी के आभूषण चढ़ाए। लेकिन शातिर दुल्हन शादी के 2 ही दिन घर में रखे जेवरात और नगदी समेटकर रफूचक्कर हो गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाना छपार में मुकदमा दर्ज कराया।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में छपार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत टीम गठित की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिजनौर जनपद के नजीबाबाद (दुर्गाविहार) निवासी तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। मामले तीन आरोपी महिलाओं सोनाक्षी (पुत्री वेदपाल – लुटेरी दुल्हन), कामिनी (पत्नी वेदपाल) व आशा (पत्नी राजेन्द्र) को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का एक मंगलसूत्र, कान की झुमकी, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछुए समेत कई कीमती आभूषण बरामद किए हैं।​

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे मुख्य रूप से ऐसे परिवारों को निशाना बनाते थे, जिनके बच्चों की किन्हीं कारणों से शादी नहीं हो पा रही होती थी। गिरोह का नेटवर्क पहले नकली रिश्ता तय कराता था, फिर शादी के खर्चे और अन्य बहानों से पैसे ऐंठता था। योजना के मुताबिक, शादी के महज एक या दो दिन बाद ही दुल्हन मौका पाकर सारे जेवर और नकदी समेटकर फरार हो जाती थी।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News