X बंद करें

मुजफ्फरनगर में MDA का बड़ा एक्शन- 86 बीघा में बसी अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- विकास प्राधिकरण (MDA) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ मंगलवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंडलायुक्त सहारनपुर के निर्देशानुसार और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रणता एश्वर्या के आदेश पर प्राधिकरण की टीम ने जनपद के जोन-1 में दो अलग-अलग स्थानों पर लगभग 59,000 वर्ग मीटर यानी करीब 86 बीघा भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनी काटने वालों में हड़कंप मच गया है।

मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने पहली बड़ी कार्रवाई जानसठ रोड पर न्यू मंडी थाना क्षेत्र में स्थित मैट्रो कुर्सी गोदाम के बराबर में की, जहाँ रघुराज लाला द्वारा लगभग 9,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इसके बाद टीम ने शेरनगर मेरठ बाईपास रोड का रुख किया, जहाँ सतीश कुमार, आसू, संजय, नीटू और चीकू आदि द्वारा लगभग 50,000 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्रफल में बिना किसी स्वीकृत मानचित्र या तलपट मानचित्र के अवैध प्लॉटिंग का जाल बिछाया गया था। इन दोनों ही मामलों में प्राधिकरण द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर चालानी कार्यवाही की जा चुकी थी और ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित थे, लेकिन भू-स्वामियों द्वारा अवैध निर्माण न हटाए जाने के कारण प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना पड़ा।

​ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध सड़कों, बाउंड्री वॉल और नींव को जमींदोज कर दिया। प्राधिकरण के सचिव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर के विकास क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं, अन्यथा उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News