X
मुजफ्फरनगर- कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के खिलाफ मुजफ्फरनगर के व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले दर्जनों व्यापारियों ने मंगलवार को कचहरी परिसर पहुंचकर देश के प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर को सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि गैस की कीमतों में एकमुश्त 900 से 1000 रुपये तक की बढ़ोतरी ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़कर रख दी है।
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से छोटे व्यापारियों की ऑपरेटिंग कोस्ट (लागत) में सीधे तौर पर 40% की वृद्धि हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कीमतें तुरंत वापस नहीं ली गईं, तो गली-मोहल्लों में चलने वाले छोटे होटल, ढाबे और चाय-नाश्ते की दुकानें बंद होने की कगार पर पहुंच जाएंगी, जिससे देश में बेरोजगारी का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में स्पष्ट किया कि लागत बढ़ने का सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है, जिससे बाजार में व्यापारिक गिरावट दर्ज की जा रही है। संजय मित्तल ने कहा- ”हम समझते हैं कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के समीकरणों के कारण कीमतें बढ़ाना सरकार की मजबूरी हो सकती है, लेकिन 4 करोड़ से अधिक छोटे व्यापारियों को राहत देना भी समय की मांग है। इस महंगाई से आम जनता त्रस्त है।”
व्यापारियों की प्रमुख मांगें:
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं जिसमें हालिया की गई अप्रत्याशित मूल्य वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए। भविष्य में कीमतों को स्थिर रखने के लिए एक सुदृढ़ नीति बनाई जाए व छोटे होटलों और खाद्य उद्योगों के लिए गैस पर सब्सिडी या जीएसटी (GST) में राहत प्रदान की जाए।
दिग्गज नेताओं और व्यापारियों की रही मौजूदगी
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक अशोक कंसल सहित भारी संख्या में प्रमुख व्यापारी नेता मौजूद रहे। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से अशोक बाटला, प्रमोद मित्तल, सुनील सिंघल मावे वाले, राहुल वर्मा, विश्वदीप गोयल बिट्टू, महेश चौहान, सुभाष चौहान, विजेंद्र गोयल, स्वराज वर्मा, नीरज बंसल, निशंक जैन, गोपाल मित्तल, प्रमोद त्यागी, श्याम सिंह सैनी, राजकुमार रहेजा, अखिल सिंघल, संजय गोयल, सचिन त्यागी, प्रमोद टॉक, दिनेश बंसल और सतनाम हंसपाल सहित दर्जनों पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














