X
मुजफ्फरनगर- अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी काटने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने ग्राम मंधेडा में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग 20 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मंडलायुक्त सहारनपुर मण्डल की प्रेरणा और MDA उपाध्यक्ष श्रीमती प्रणता ऐश्वर्या के सख्त आदेशों के अनुपालन में की गई। प्राधिकरण के जोन-5 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मंधेडा में इन्डाना फैक्ट्री के पीछे भू-स्वामी अनारो और गंगाराम द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि उक्त भू-स्वामियों ने लगभग 20 बीघा भूमि पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। MDA द्वारा पूर्व में इन्हें नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे और नियमानुसार चालानी कार्यवाही भी की गई थी। ध्वस्तीकरण के आदेश जारी होने के बावजूद भू-स्वामियों ने स्थल से अवैध निर्माण नहीं हटाया, जिसके बाद आज प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया।
मंगलवार दोपहर प्राधिकरण की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुँची। इस दौरान अवैध प्लॉटिंग के तहत बनाई गई सड़कों, नींव और बाउंड्री वॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कहीं भी अवैध निर्माण या अवैध प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। MDA ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं, अन्यथा भविष्य में उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही हो सकती है।।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














