X
मुजफ्फरनगर- जनपद में स्मार्ट मीटर और विद्युत बकाया वसूली को लेकर विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। गुरुवार को मुख्य अभियंता (वितरण) विनोद कुमार के नेतृत्व में शामली रोड स्थित किदवई नगर इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। भारी लाव-लश्कर के साथ पहुंचे अधिकारियों ने जहाँ बकायेदारों पर शिकंजा कसा, वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही भ्रांतियों को तकनीकी तथ्यों के साथ दूर किया।
अधिकारियों की अचानक आमद से मचा हड़कंप
मुख्य अभियंता विनोद कुमार के साथ अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव और अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह ने किदवई नगर की तंग गलियों में पैदल मार्च कर बंद पड़े स्मार्ट मीटरों की बारीकी से जांच की। विभाग की इस औचक कार्रवाई से इलाके के बकायेदारों में खलबली मच गई। टीम ने मौके पर ही कई उपभोक्ताओं को फटकार लगाते हुए उनसे बकाया धनराशि जमा कराई।
किसान यूनियन ने रखी समस्याएं
अभियान के दौरान भारतीय किसान यूनियन (अ) के जिला अध्यक्ष चौ. जीशान सिद्दीकी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और उपभोक्ताओं को आ रही दिक्कतों को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। मुख्य अभियंता ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही तकनीकी खामियों की समीक्षा की और उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनके तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।
विभाग का आश्वासन- समय पर बिल भरें, 24 घंटे बिजली पाएं
अवर अभियंता मनोज कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिचौलियों या अफवाहों के चक्कर में न पड़ें और किसी भी समस्या के लिए सीधे विभाग से संपर्क करें। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जो उपभोक्ता समय पर बिल जमा करेंगे, विभाग उन्हें वीआईपी सुविधा और निर्बाध बिजली देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी भी दी कि जानबूझकर बिल न भरने वालों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













