X बंद करें

मुजफ्फरनगर- अक्षय तृतीया पर बाल विवाह की कुप्रथा को जड़ से मिटाने का संकल्प, जड़ौदा में उमड़ा जनसैलाब

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी गंभीर कुरीति को जड़ से मिटाने के उद्देश्य से गुरुवार को जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन’ और ‘ग्रामीण समाज विकास केन्द्र’ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस संगोष्ठी में वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि बाल विवाह न केवल एक अपराध है, बल्कि यह बच्चों के सुनहरे भविष्य की हत्या करने जैसा है।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (सिविल जज) डॉ. सतेन्द्र कुमार चौधरी, सब-इंस्पेक्टर जगत सिंह और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

शेरपुर की बेटी ने डॉक्टर बन किया मिस्त्री पिता का नाम रोशन, बोली- मेहनत के साथ माँ-बाप का करें सम्मान, तभी मिलेगी कामयाबी

जनसभा को संबोधित करते हुए सिविल जज डॉ. सतेन्द्र कुमार चौधरी ने कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत शादी करने, करवाने और इसमें शामिल होने वाले सभी पक्षकारों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को पूरी तरह बाधित कर देता है। यदि समाज में कहीं भी ऐसा अपराध घटित हो रहा हो, तो उसके खिलाफ तुरंत आवाज उठाना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

जागरूकता अभियान के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मर्मस्पर्शी नुक्कड़ नाटक और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने अभिनय के माध्यम से दिखाया कि किस तरह कम उम्र में शादी की बेड़ियां एक मासूम के सपनों को चकनाचूर कर देती हैं। संस्था के सचिव मेहचन्द ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाते हुए कहा कि ‘अक्षय तृतीया’ पर लोग चुप रहकर अपराध का हिस्सा न बनें। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

खालापार में विवाहिता का आरोप ससुराल वालों ने घर से निकाल लगा दिया ताला, बोली बच्चों के साथ चाहती हूं रहना

पुलिस प्रशासन की ओर से सब-इंस्पेक्टर जगत सिंह ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1098, 112 और 1090 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा ही जीवन का आधार है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकार वाले कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का सफल संचालन पैरालीगल वॉलिंटियर गौरव मलिक ने किया। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन से सचिन कुमार, धनीराम, हेड कांस्टेबल प्रवीन, राहुल सहित शिक्षक नितिन बालियान, शुभम कुमार, मनोज त्यागी, रूपेश कुमार और रजनी शर्मा सहित भारी संख्या में ग्रामीण व छात्र मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News