X
मुजफ्फरनगर- जनपद सहारनपुर में आगामी 14 अप्रैल 2026 को पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर और सहारनपुर पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। मुजफ्फरनगर के पुलिस अधीक्षक यातायात (SP Traffic) अतुल कुमार चौबे ने इस संबंध में विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए आमजन से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह डायवर्जन रविवार, 12 अप्रैल 2026 की शाम 6:00 बजे से लागू होकर मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 की शाम 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सहारनपुर की ओर जाने वाले भारी और हल्के वाहनों के मार्गों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सहारनपुर होते हुए देहरादून जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन अब सीधे सहारनपुर न जाकर रामपुर तिराहा से रुड़की होकर अपने गंतव्य देहरादून की ओर जा सकेंगे।
इसके साथ ही, सहारनपुर और यमुनानगर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी नया मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे सभी वाहन रामपुर तिराहे से देवबंद होते हुए सहारनपुर की ओर प्रस्थान करेंगे। पुलिस प्रशासन ने जनता से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए इस डायवर्जन प्लान का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी अवश्य कर लें। उद्घाटन समारोह के दौरान एक्सप्रेस-वे और उससे सटे इलाकों में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न आए।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com
















