X
मुजफ्फरनगर- जनपद में ईद-उल-फितर के पावन पर्व पर आज सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। आबकारी रोड स्थित जगत गुरु वाल्मीकि धाम पर ‘भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज’ (भावाधस) के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के युवाओं ने ईदगाह से नमाज अदा कर लौट रहे मुस्लिम भाइयों का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया और उन्हें गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और वाल्मीकि क्रांति दल के अध्यक्ष दीपक गंभीर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भावाधस के युवाओं ने समाज में एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा, “आज का युवा अंबेडकरवादी सोच और समता-समानता की विचारधारा से प्रेरित है। नमाजियों पर की गई यह पुष्प वर्षा जनपद में आपसी भेदभाव के काले अध्याय को खत्म कर भाईचारे को मजबूती प्रदान करेगी। वह दिन दूर नहीं जब हिंदू-मुस्लिम मिलकर होली, दिवाली और ईद मनाएंगे।”
भावाधस के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और नए भारत के निर्माण में मदद मिलती है। पुष्प वर्षा के दौरान नमाजी भाई भी भावुक नजर आए और उन्होंने वाल्मीकि समाज के इस प्रेम और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस सद्भावना आयोजन में भावाधस के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी सिलेलान, मंडल अध्यक्ष अर्जुन शील, अमित अटवाल, वाल्मीकि क्रांति दल के महासचिव सोनू सरवट, आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नितिन गौतम, गौतम राम, संदीप चंचल, सत्यम बिड़ला, विनीत, सन्नी हडाले, सिंधू, गुड़िया, विक्की गोडियाल, तरुण सुधा एडवोकेट, सोनू टांक, विनीत चिंडालिया और राहुल घाघट सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












