X
मुजफ्फरनगर- जनपद में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की ऐतिहासिक ईदगाह में हजारों मुस्लिम अकीदतमंदों ने एक साथ सफों में खड़े होकर खुदा की बारगाह में सिर झुकाया। ईद की नमाज मुफ्ती अलीहसन द्वारा अदा कराई गई, जिसके बाद शहर काजी तनवीर आलम ने देश में अमन, चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। ईदगाह और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए ड्रोन कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी गई। एलआईयू (LIU), डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता लगातार गश्त करता रहा। अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते पूरी नमाज बेहद शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई।

नमाज मुकम्मल होने के बाद ईदगाह के बाहर गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ। इस मौके पर मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक और सपा नेता राकेश शर्मा भी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से मिलकर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं और जिले में भाईचारे की मिसाल पेश की। शहर काजी तनवीर आलम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना की। ईदगाह कमेटी की ओर से डीएम उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एडीएम प्रशासन संजय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर और सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि मुजफ्फरनगर की गंगा-जमुनी तहजीब और एकता को भी मजबूती देता नजर आया।












