X
मुजफ्फरनगर- तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में गऊशाला के लिए जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का थाना भोपा पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के 22 लाख रुपये नकद, फर्जी दस्तावेज और कंप्यूटर उपकरण बरामद किए हैं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस शानदार कामयाबी पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
पूरा मामला निर्मोही अखाड़ा, शुकतीर्थ के पीड़ित विष्णुदास की शिकायत से शुरू हुआ। गिरोह के सरगना हासिम ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गहरी साजिश रची। उन्होंने 42 बीघा जमीन का सौदा 31 लाख रुपये में तय कराया। जालसाजों ने हद तो तब कर दी जब उन्होंने एक व्यक्ति को फर्जी ‘नजीर’ (जमीन का मालिक) बनाकर खड़ा कर दिया और उसका नकली आधार कार्ड भी तैयार कर लिया। इसी फर्जीवाड़े के आधार पर पीड़ित से 28.50 लाख रुपये ठग लिए गए।
ठगी की रकम डकारने के बाद आरोपियों ने अपने सिम कार्ड नष्ट कर दिए और संपर्क काट लिया। पीड़ित की तहरीर पर एसएसपी के निर्देशन में थाना भोपा प्रभारी ने टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। गुरुवार को पुलिस ने तुगलकपुर रोड स्थित एक मुर्गा फार्म पर छापेमारी कर सातों आरोपियों—हासिम, प्रवीन, दिलशाद, सुखविन्दर, फैजाव, रवीश और अब्दुल कादिर को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से ठगी की मोटी रकम और फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












