X बंद करें

मुजफ्फरनगर की बेटी ने दुनिया में गाड़ा झंडा, कबड्डी विश्व कप जीतकर लौटी अन्नू का भव्य सम्मान

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद के शाहपुर क्षेत्र के छोटे से गांव काकड़ा से निकलकर सात समंदर पार तिरंगा लहराने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्टार खिलाड़ी अन्नू का मुजफ्फरनगर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित ‘महिला कबड्डी विश्व कप 2025’ के फाइनल में चीनी ताइपे को 35-28 से शिकस्त देकर विश्व विजेता बनी भारतीय टीम का हिस्सा रही अन्नू की इस उपलब्धि से पूरे जिले में जश्न का माहौल है।

बुधवार को मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने विश्व विजेता खिलाड़ी अन्नू को अपने कार्यालय बुलाकर विशेष रूप से सम्मानित किया। इस दौरान एसएसपी ने अन्नू को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनकी मेहनत की सराहना की। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा, “यह मुजफ्फरनगर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली हमारी बेटियां आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। अन्नू जैसी खिलाड़ी ‘नारी शक्ति’ की सशक्त मिसाल हैं और जिले की हजारों अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”

बता दें कि मात्र 21 वर्षीय अन्नू शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा की रहने वाली हैं। गांव के प्राथमिक विद्यालय से शिक्षा शुरू करने वाली अन्नू ने बचपन में ही कबड्डी को अपना जुनून बना लिया था। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने पहले अंतर्राज्यीय और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई। वर्तमान में अन्नू उत्तर प्रदेश पुलिस में गाजियाबाद जनपद में महिला आरक्षी के पद पर तैनात हैं, जो विभाग के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन कर रही हैं।

भारतीय टीम ने कप्तान रितु नेगी और उपकप्तान पुष्पा राणा के नेतृत्व में पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए लगातार दूसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक जीत में अन्नू के शानदार खेल ने भारतीय टीम की स्थिति को मजबूत बनाए रखा। अन्नू के गांव काकड़ा में भी उनके परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। किसान नेता अशोक बालियान सहित जनपद की तमाम सामाजिक संस्थाओं ने अन्नू की इस जीत को मुजफ्फरनगर के खेल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News