X
मुजफ्फरनगर- जनपद के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने ‘बिंदल ग्रुप’ पर बुधवार सुबह आयकर विभाग (Income Tax) की टीम ने एक साथ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। दिल्ली से पहुंची विशेष टीमों ने बेहद गोपनीय तरीके से बिंदल ग्रुप से जुड़ी मुजफ्फरनगर और बिजनौर की कई इकाइयों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। इस बड़ी छापेमारी के बाद पूरे औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र में खलबली मच गई है।
बाराती बनकर पहुंची टीम
आयकर विभाग की टीम ने इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखने के लिए अनूठी रणनीति अपनाई। टीम के अधिकारी जिन गाड़ियों से पहुंचे, उन पर ‘वेडिंग’ (शादी) के स्टीकर लगे हुए थे, ताकि किसी को भनक न लग सके और टीम सीधे चिन्हित ठिकानों पर पहुंच जाए। मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमों ने बिंदल ग्रुप की प्रमुख इकाइयों व निवास पर एक साथ दस्तक दी। मुजफ्फरनगर की गांधी कॉलोनी स्थित बिंदल परिवार के निजी आवास को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

कार्रवाई शुरू होते ही सभी परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और बाहरी आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। बताया जा रहा है कि टीम के अधिकारी वित्तीय लेन-देन, कंप्यूटर डेटा और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच प्रक्रिया लंबी चलने की उम्मीद है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














